Agra में पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर की हत्या, ताजगंज इलाके में वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तार

Agra: ताजगंज के कोलहाई मोहल्ला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। मृतका क

Agra: ताजगंज के कोलहाई मोहल्ला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

मृतका की पहचान 40 साल की कुंता देवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कुंता देवी पिछले एक साल से अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थीं। उनका अपने पति रणवीर उर्फ रानू के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। रणवीर शराब पीने और मारपीट करने का आरोपी था, जिसकी वजह से कुंता देवी ने उसके साथ रहना छोड़ दिया था और मामला कोर्ट में भी लंबित था।

मंगलवार सुबह रणवीर अपने पिता राम प्रसाद के साथ कुंता देवी से मिलने उसके मायके पहुंचा था और उसे वापस चलने के लिए मनाया, लेकिन कुंता देवी ने साफ मना कर दिया। इसके बाद शाम करीब 4 बजे रणवीर दोबारा अकेला आया। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। उसने कुंता देवी को बालों से पकड़कर जबरन बाहर घसीटा और विरोध करने पर चाकू से उनके सीने, पेट और हाथ पर करीब छह वार किए।

खून से लथपथ कुंता देवी को तुरंत SN Medical College ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद जब रणवीर वहां से भागने की कोशिश कर रहा था, तब स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। ACP ताज सुरक्षा यतेंद्र नगर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई है। रणवीर ने कबूल किया कि उसने मंगलवार को ही 40 रुपये में सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा था। उसने हत्या की वजह यह बताई कि कुंता देवी ने उसके पिता के सामने उसे थप्पड़ मारा था, जिससे वह गुस्से में था।

पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।